सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

देहरी

' बस यहीं रोक दो ' आवाज़ सुनते ही पवन ने रिक्शा एक बड़े से मकान के सामने रोक दिया. अपने गमछे से पसीना पोंछते हुए इंतजा़र करने लगा. होली नज़दीक थी. चटक धूप में रिक्शा चलाना कठिन हो गया था.  लड़़की रिक्शे से उतरी और उसे एक नोट थमाकर तेज़ी से चल दी. पवन ने विरोध किया " मैडम बात तो पंद्रह रुपए की हुई थी. " पर तब तक वह मकान के भीतर जा चुकी थी. पवन ने उस बड़े से मकान को घूर कर देखा और मन ही मन बड़़बड़ाया ' गरीब का मेहनताना देते जान निकलती है. ' 
खाने का समय हो गया था. वह रिक्शा लेकर उस होटल की तरफ चल दिया जहाँ उसके जैसे रिक्शे वाले तथा दिहाड़ी मजदूर खाना खाते थे. 
तीन महीने पहले वह इस शहर में यह सोंचकर रिक्शा चलाने आया था कि कमाई से कुछ बचाकर घर भेज दिया करेगा. किंतु हालात यह है कि जो कमाई होती है उसमें से रिक्शे का किराया देने के बाद मुश्किल से दो वक्त खा पाता है. रहने का कोई ठिकाना नहीं है. रात फुटपाथ पर सो कर गुजारता है. 
जब घर से चला था तब उसकी पत्नी पिंकी ने उस से कहा था " फाग में तो आओगे ना. मैं राह देखूंगी. " 
उसने समझाते हुए कहा " पूरी कोशिश करूंगा. मैं भी तुम्हारे बिना कहाँ रह पाऊंगा. तुम अम्मा का खयाल रखना. " 
" तुम अम्मा की फ़िक्र मत करो. मैं संभाल लूंगी. तुम जल्दी लौटना. "
घर छोड़ते समय पिंकी देहरी पर खड़ी उसे जाते हुए देखती रही. पवन ने पीछे मुड़ कर उसे देखा. उसने भी दूर से हाथ हिला कर विदा दी. 
खाते हुए उसने एक आह भरी. इतने दिनों में वापस जाने का किराया भी नहीं बचा पाया. 
होली का दिन था. सभी तरफ रंगों की बहार थी. वह एक सवारी को छोड़ कर जा रहा था. तभी एक बच्चे ने अपनी पिचकारी से उसे भिंगो दिया. उसे पिंकी के साथ अपनी पहली होली याद आ गई. वह पिंकी के खयालों में खो गया. सामने से एक तेज रफ्तार कार आ रही थी. जिसमें नशे में धुत्त कुछ मनचले बैठे थे. कार उसके रिक्शे को टक्कर मार कर निकल गई. एक शोर सा उठा. आस पास भीड़ जमा हो गई. 
पिंकी देहरी पर खड़ी उसका इंतजा़र कर रही थी. उसे देखते ही खुशी से उसकी तरफ दौड़ी. ' मैं जानती थी कि फाग में तुम जरूर आओगे. अरे यह क्या तुम्हारा बदन तो खून से सना है. यह क्या हो गया. ' उसने घबरा कर पवन को बाहों में समेट लिया. पवन की सांसें उसका साथ छोड़ने लगीं. आंखों के आगे अंधेरा छाने  लगा. घर की देहरी दूर होने लगी. एक हिचकी के साथ उसके प्राण निकल गए.
खून से लथपथ पवन की लाश सड़क पर पड़ी थी.

https://shar.es/14FeJr

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

ना मे हाँ

सब तरफ चर्चा थी कि गीता पुलिस थाने के सामने धरने पर बैठी थी। उसने अजय के खिलाफ जो शिकायत की थी उस पर कोई कार्यवाही नहीं हुई थी।  पिछले कई महीनों से गीता बहुत परेशान थी। कॉलेज आते जाते अजय उसे तंग करता था। वह उससे प्रेम करने का दावा करता था। गीता उसे समझाती थी कि उसे उसमें कोई दिलचस्पी नहीं है। वह सिर्फ पढ़ना चाहती है। लेकिन अजय हंस कर कहता कि लड़की की ना में ही उसकी हाँ होती है।  गीता ने बहुत कोशिश की कि बात अजय की समझ में आ जाए कि उसकी ना का मतलब ना ही है। पर अजय नहीं समझा। पुलिस भी कछ नहीं कर रही थी। हार कर गीता यह तख्ती लेकर धरने पर बैठ गई कि 'लड़की की ना का सम्मान करो।'  सभी उसकी तारीफ कर रहे थे।

केंद्र बिंदु

पारस देख रहा था कि आरव का मन खाने से अधिक अपने फोन पर था। वह बार बार मैसेज चेक कर रहा था। सिर्फ दो रोटी खाकर वह प्लेट किचन में रखने के लिए उठा तो पारस ने टोंक दिया। "खाना तो ढंग से खाओ। जल्दी किस बात की है तुम्हें।" "बस पापा मेरा पेट भर गया।" कहते हुए वह प्लेट किचन में रख अपने कमरे में चला गया। पारस का मन भी खाने से उचट गया। उसने प्लेट की रोटी खत्म की और प्लेट किचन में रख आया। बचा हुआ खाना फ्रिज में रख कर वह भी अपने कमरे में चला गया। लैपटॉप खोल कर वह ऑफिस का काम करने लगा। पर काम में उसका मन नही लग रहा था। वह आरव के विषय में सोच रहा था। उसने महसूस किया था कि पिछले कुछ महीनों में आरव के बर्ताव में बहुत परिवर्तन आ गया है। पहले डिनर का समय खाने के साथ साथ आपसी बातचीत का भी होता था। आरव उसे स्कूल में क्या हुआ इसका पूरा ब्यौरा देता था। किंतु जबसे उसने कॉलेज जाना शुरू किया है तब से बहुत कम बात करता है। इधर कुछ दिनों से तो उसका ध्यान ही जैसे घर में नही रहता था। पारस सोचने लगा। उम्र का तकाज़ा है। उन्नीस साल का हो गया है अब वह। नए दोस्त नया माहौल इस सब में उसने अपनी अलग दुनि...

दिया

गुप्ता जी पार्क में आए तो अभी भी वह नहीं आई थीं। पहले दो दिन भी वह प्रतीक्षा कर लौट गए थे। वह बैठ कर इंतज़ार करने लगे। पत्नी की मृत्यु को एक वर्ष होने वाला था। पहले हर शाम वह अपनी पत्नी के साथ घर में लगाए हुए छोटे से बागीचे में बैठ कर चाय पीते थे। पर पत्नी के ना रहने पर शाम का वह समय जैसे काटने को दौड़ता था। अतः उन्होंने घर के पास बने इस पार्क में आना शुरू किया। यहीं उनकी मुलाकात सविता जी से हुई। दोनों ने ही एक दूसरे के एकाकीपन को पहचान लिया। हमदर्दी उन्हें एक दूसरे के समीप ले आई। रोज़ शाम वह इसी पार्क में एक दूसरे के साथ कुछ समय बताते थे। कभी कुछ बातचीत करते तो कभी बिना कुछ बोले एक दूसरे के साथ को महसूस करते। गुप्ता जी ने घड़ी देखी। प्रतीक्षा करते हुए आधा घंटा निकल गया था। उन्हें चिंता होने लगी। कहीं कोई अनहोनी तो नहीं हो गई। बेचैनी में वह इधर उधर टहलने लगे। तभी सविता जी आती दिखाई दीं। "कहाँ रह गई थीं आप। दो दिनों से आई भी नहीं।" गुप्ता जी ने परेशान होकर पूँछा। बेंच पर बैठते हुए सविता जी बोलीं। "दरअसल पोते को बुखार था। इसलिए नहीं आ पाई। आज कुछ ठीक था तो आ गई।" ...