सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

नन्हें देशभक्त

 

नन्हें देशभक्त 


पूरी बिल्डिंग में हलचल थी। बिल्डिंग के छोटे बच्चों ने गणतंत्र दिवस पर तिरंगा यात्रा निकाली थी। सब अपने हाथों में तिरंगा लेकर एक किलोमीटर के दायरे में पैदल चलकर गए थे। बिल्डिंग में रहने वाला यूट्यूबर मानव अपने चैनल के लिए उसका वीडियो बना रहा था‌। यात्रा बिल्डिंग से शुरू होकर बिल्डिंग में ही आकर खत्म हुई थी। मानव अब बच्चों का इंटरव्यू ले रहा था। सब गणतंत्र दिवस के बारे में अंग्रेज़ी में अपनी जानकारी दे रहे थे। अपना इंटरव्यू खत्म करने के बाद मानव ने कहा,

"ये नन्हें देशभक्त हमारे देश का उज्जवल भविष्य हैं। कल यही देश को आगे ले जाएंगे।"

उसने सबसे एक बार ज़ोर से जय हिन्द बोलने को कहा। बच्चों ने भी पूरे उत्साह से जय हिन्द का नारा बुलंद किया।

उन बच्चों के साथ पास खड़े दो और बच्चों की आवाज़ उस नारे में शामिल थी। उनके उत्साह में कोई कमी नहीं थी। उनके हाथों ने भी गर्व से तिरंगा थामा था। वह दोनों बाकी बच्चों से थोड़े अलग लग रहे थे।‌ उनके कपड़ों से पता चल रहा था कि वह गरीब घर के हैं। शायद उनकी माताएं बिल्डिंग के घरों में काम करती होंगी। 

दोनों बहुत उत्साह से जय हिन्द का नारा लगा रहे थे। मामव की तरफ देख रहे थे कि शायद उन अंकल का कैमरा हमारी तरफ आए। हम भी कुछ बोल सकें।‌ मानव ने कैमरे की ओर देखते हुए कहा,

"दोस्तों आप सबको गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं। हमें कमेंट करके बताइएगा कि देश का यह खास दिन आपने कैसे मनाया?"

मानव ने अपना कैमरा बंद कर दिया और उन दोनों बच्चों के सामने से निकल गया।

दोनों बच्चों ने एक दूसरे की तरफ देखा और नारा लगाया,

"जय हिन्द..."


टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

मुसाफिर

कल रात अचानक ही बंसल साहब का निधन हो गया। मोहल्ले में जब यह समाचार फैला तो लोग उन्हें अंतिम विदाई देने उनके घर पर एकत्र हुए। अर्थी निकलने की तैयारी हो रही थी। मोहल्ले के दो बुज़र्ग खन्ना जी और पांडे जी बाहर बैठे बात कर रहे थे। "अरे यह तो सबके साथ होना है। हम सब तो मुसाफिर हैं। ना जाने कब स्टेशन आ जाए और उतरना पड़े।" पांडे जी ने दार्शनिक अंदाज़ में कहा। "सही कहा पांडे जी। लेकिन तब भी इंसान माया में फंसा रहता है।" "सुना है बंसल किसी केस में फंसा था। पेंशन अटकी हुई थी।" "अजी जुगाड़ू बंदा था। ऊपर तक पहुँच थी। सब क्लियर हो गया।" खन्ना जी ने रहस्य खोला। "क्या लाभ ऐसे पैसे का। मरने पर इकलौता बेटा भी साथ नही है।"  "सही कहा पांडे जी। अब बेचारी मिसेज बंसल अकेली पड़ गईं।" "अब यह तो सबके साथ है। इस उम्र में जीवनसाथी का ही सहारा होता है।" "बिल्कुल सही। भाभी जी कैसी हैं।" "बेटे बहू के लिए हुड़कती रहती हैं।" "तो शेखर के पास क्यों नही चले जाते।" "उनकी अपनी जिंदगी है। दोनों वर्किंग हैं। वहाँ भी दिन...

भूचाल

लाला हरबंसलाल अपनी पुशतैनी हवेली के आंगन में बैठे थे. जो सामान ले जाया जा सकता था वह गठरियों में बंधा रखा था. उस पर एक नजर डाल कर उन्होंने गहरी सांस ली.  आंगन में गौरैया रोज़ की तरह फुदक रही थी. मुंडेर पर बैठा कौवा भी वैसे ही कांव कांव कर रहा था. प्रकृति का हर काम वैसे ही चल रहा था. कहीं कोई उथल पुथल नही थी सिवाय इंसानी ज़िदगी के. इंसानों के जीवन में भूचाल आया था. मजहब के नाम पर मुल्क दो हिस्सों में बंट गया था. इस बंटवारे ने बहुतों को उनकी जड़ों से अलग कर दिया था.

दफन

खिड़की पर खड़े हुए सरोज की नज़र बाहर क्यारी पर पड़ी. नया नया अंकुर जो भूमि से फूटा था किसी के पैरों के नीचे मसल गया था. उसकी पीड़ा उसने अपनी कोख में महसूस की. उसकी आंखों से आंसू झरने लगे. "यह क्या तूने फिर खाना नही खाया." उसकी सखी शकीला ने कमरे में घुसते हुए कहा. सरोज ने सूनी आंखों से उसकी ओर देखा. शकीला का मन भर आया. उसके सर पर हाथ फेरते हुए बोली "अभी देह कमज़ोर है. बिना खाए कैसे चलेगा. ये ज़ालिम लोग कहाँ छोड़ेंगे. रात को फिर किसी के साथ बिठा देंगे. सहने के लिए ताकत तो चाहिए." कह कर शकीला चली गई. सरोज थाली लेकर बैठ गई. अपनी सारी भावनाओं को उन लोगों ने दिल में दफन कर लिया था. इसी तरह वह सब यहाँ जिंदा रह पाती थीं.