सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

वो एक दिन

वो दिन और दिनों की तरह ही सामान्य था। बुधवार 5 जून .....किन्तु मेरे और मेरे पति सुहास के लिए एक खास दिन  था। इसी दिन पांच वर्ष पहले हमने एक दूजे का हाँथ थामा था जीवन के पथ पर साथ चलने के लिए। उस दिन की शाम के लिए हमनें कुछ प्लान बनाया था। रोज़ की तरह ही मैंने सुहास को विदा किया। फिर भाग कर बालकनी में आ गई। कुछ ही  क्षणों में सुहास बिल्डिंग से बाहर जाते दिखाई पड़े। मैंने हाथ हिला कर उन्हें विदाई दी। उन्होंने भी ऊपर देख कर हाथ हिलाया। मैं सुहास को तब तक देखती रही जब तक वह नज़रों से ओझल नहीं हो गए।
मैं भीतर आकर अपना काम करने लगी। तकरीबन ग्यारह बजे होंगे की मेरे मोबाइल की घंटी बजी। मैनें फ़ोन उठाया तो मेरी ननद का था " भाभी सुहास भैया ठीक हैं  न "  उसकी आवाज में चिंता थी और वह घबराई हुई थी। " हाँ ठीक हैं ऑफिस गए हैं। क्यों क्या हुआ इतनी परेशान क्यों हो "   "आपको कुछ भी नहीं पता न्यूज़ लगा कर देखिये , मैं भी पता करती हूँ "  कहकर उसने फ़ौरन फ़ोन  काट दिया। मैंने टी .वी . खोला न्यूज़ चैनल पर एक ट्रेन के कुछ जले हुए डब्बे दिखाई दिए। लोग बदहवास से इधर उधर भाग रहे थे। एक रिपोर्टर बोल रही थी  'आज सुबह करीब नौ बज के दस मिनट पर मुंबई की लोकल ट्रेन में ज़बरदस्त बम धमाके हुए। कई लोगों के मारे जाने की आशंका है। हालात नाज़ुक हैं चारों तरफ अफरा तफरी का माहौल है। अभी तक किसी भी आतंकवादी संघठन ने धमाकों की ज़िम्मेदारी नहीं ली है।'
मैं सन्न रह गयी कुछ देर तक कुछ भी समझ नहीं आया। मैंने खुद को झझकोरा और उन्हीं कपड़ों में घर से बाहर निकल गयी।
सुहास की तलाश में पूरे दिन इधर से उधर भटकती रही। शाम को जब निराश हो गयी तो सुहास मिले। एक अस्पताल के मुर्दाघर में। जीवन भर साथ निभाने का  वादा करके मुझे अकेला छोड़ कर चले  गए थे। मैं टूट चुकी थी। कुछ समझ नहीं आ रहा था। मेरी ननद और उसके पति ने मुझे संभाला।
समाचारपत्रों एवं टी . वी . कार्यक्रमों में देश की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठाये गए। बढ़ते हुए आतंकवाद पर चिंता  जताई गयी। आतंकवाद को मुह तोड़ जवाब देने की कसमें खाई गयीं। लोगों ने कैंडिल मार्च निकाले, नेतओं ने बयानबाजियां कीं फिर धीरे धीरे सब कुछ शांत हो गया। ज़िन्दगी अपने ढर्रे पर लौट आई। वह हादसा महज़ एक तारीख बन कर रह गया।
मेरी ज़िन्दगी भी आगे बढ़ गयी। जीवन की राह पर मैंने अकेले चलना सीख लिया। रोज़ की ज़द्दोज़हद अब मुझे उतना  परेशान नहीं करती है। किन्तु आज भी किसी गहरे ज़ख्म के निशान  की तरह मेरे ज़ेहन में चस्पा है वो एक दिन। जो अक्सर टीस देता है।


http://www.tumbhi.com/artifactDetails.html?actionFlag=getArtifactDetails&artifactId=40998





टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

केंद्र बिंदु

पारस देख रहा था कि आरव का मन खाने से अधिक अपने फोन पर था। वह बार बार मैसेज चेक कर रहा था। सिर्फ दो रोटी खाकर वह प्लेट किचन में रखने के लिए उठा तो पारस ने टोंक दिया। "खाना तो ढंग से खाओ। जल्दी किस बात की है तुम्हें।" "बस पापा मेरा पेट भर गया।" कहते हुए वह प्लेट किचन में रख अपने कमरे में चला गया। पारस का मन भी खाने से उचट गया। उसने प्लेट की रोटी खत्म की और प्लेट किचन में रख आया। बचा हुआ खाना फ्रिज में रख कर वह भी अपने कमरे में चला गया। लैपटॉप खोल कर वह ऑफिस का काम करने लगा। पर काम में उसका मन नही लग रहा था। वह आरव के विषय में सोच रहा था। उसने महसूस किया था कि पिछले कुछ महीनों में आरव के बर्ताव में बहुत परिवर्तन आ गया है। पहले डिनर का समय खाने के साथ साथ आपसी बातचीत का भी होता था। आरव उसे स्कूल में क्या हुआ इसका पूरा ब्यौरा देता था। किंतु जबसे उसने कॉलेज जाना शुरू किया है तब से बहुत कम बात करता है। इधर कुछ दिनों से तो उसका ध्यान ही जैसे घर में नही रहता था। पारस सोचने लगा। उम्र का तकाज़ा है। उन्नीस साल का हो गया है अब वह। नए दोस्त नया माहौल इस सब में उसने अपनी अलग दुनि...

बुआ दादी

पांच साल का बिट्टू समझ नही पाता था कि क्यों बुआ दादी सिर्फ सफेद साड़ी पहनती हैं. वह मम्मी और दादी की तरह लाल बिंदी लगाने की जगह चंदन का टीका क्यों लगाती है. आखिरकार उसने बुआ दादी से ही पूंछा. उस बाल विधवा की दबी हुई पीड़ा को इस बच्चे ने उभार दिया. क्या बताती कि होश संभालने से पहले ही पति को खो देने के दंड में समाज ने उसे इन बेड़ियों में जकड़ रखा है.

जन्मदिन का तोहफा

नकुल ने अपना गुल्लक खोला और अपनी जमा पूंजी को गिना. अभी भी बहुत पैसे इकठ्ठे करने हैं. पिछले तीन महिनों से वह पैसे बचा रहा था. आइसक्रीम चॉकलेट्स की अपनी इच्छा को दबाकर सारी पॉकेटमनी जमा कर देता था. इस बीच पड़े अपने जन्मदिन पर कपड़ों के लिए मिले पैसे भी उसने खर्च नही किए. घर में सभी जानते थे कि वह पैसे बचा रहा है पर क्यों यह एक रहस्य था. वह किसी को कुछ नही बताता था. घर वाले यह सोंच कर खुश थे कि इसी बहाने बचत की आदत पड़ रही है. नकुल पढ़ने लिखने में बहुत होशियार था. सदैव अच्छे अंक लाता था. उसे यदि कोई टक्कर दे पाता था तो वह था उसका बेस्ट फ्रेंड संजीव. संजीव भी एक मेधावी छात्र था. नकुल और उसके बीच एक स्वस्थ प्रतियोगिता चलती थी कि देखें इस बार कौन कक्षा में प्रथम आता है. दोनों में आपस में बहुत प्रेम था. हलांकि दोनों के परिवारों की आर्थिक स्थिति में बहुत फ़र्क था. नकुल के माता पिता दोनों बहुत अच्छा कमाते थे. उसके घर में किसी चीज़ की कमी नही थी. जबकी संजीव के पिता एक छोटी सी दुकान चलाते थे. घर में प्रायः पैसों का आभाव रहता था. संजीव पढ़ने में अच्छा था इसीलिए उसकी फीस माफ थी तथा उसे छात्...