सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

बंटी दादा

बंटी और दीपू उस बड़े से मकान के पीछे खड़े थे। चाहरदिवारी के पास ही आम का एक पेड़ लगा था। दीवार पर चढ़ कर आसानी से आम तोड़े जा सकते थे।
बंटी ने दीपू से कहा "मैं तुम्हें अपने कंधे पर बैठा लूँगा। तुम तुम मेरे कंधे पर खड़े होकर आसानी से दीवार पर चढ़ सकते हो। फिर तुम आम तोड़ कर मुझे देना। दोनों मिल कर खाएंगे।"
"पर मैं नीचे कैसे उतरूँगा। कहीं कोई आ गया तो।" पाँच साल के दीपू ने मासूमियत से पूंछा।
"जैसे ही कोई आएगा मैं तुम्हें उतार लूँगा। क्या मुझ पर भरोसा नही है।"
दीपू के लिए उसका बंटी दादा किसी हीरो से कम नही था। जब 'छोटा है' कह कर मोहल्ले के बच्चों ने उसे साथ खिलाने से मना कर दिया था। तब बंटी दादा ने ही अपना प्रभाव दिखा कर उसे टीम में शामिल करवाया था। तब से वह उनका मुरीद था।
दीपू फौरन दीवार पर चढ़ने को तैयार हो गया। अभी उसने आम की तरफ हाथ बढ़ाया ही था कि चौकीदार चिल्लाया "कौन बदमाश है। ठहर अभी मज़ा चखाता हूँ।"
दीपू ने पीछे मुड़ कर देखा। आवाज़ सुनते ही बंटी दादा भाग लिए थे। चौकीदार उसे डांट रहा था। वह डरा हुआ था। तभी एक स्नेहिल स्वर सुनाई पड़ा।
"ऐसे मत डांटो। बच्चा है। घबरा कर गिर पड़ा तो।"
चौकीदार ने दीपू को नीचे उतारा। उस स्नेहमूर्ती ने प्यार से समझाया "इस तरह आम तोड़ना सही नही है। अब तुम घर जाओ।"
दीपू सजा से बच गया था। फिर भी आँखों से झार झार आंसू बह रहे थे। उसने विश्वास के टूटने की पीड़ा सही थी। कोमल ह्रदय लहूलुहान था।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

केंद्र बिंदु

पारस देख रहा था कि आरव का मन खाने से अधिक अपने फोन पर था। वह बार बार मैसेज चेक कर रहा था। सिर्फ दो रोटी खाकर वह प्लेट किचन में रखने के लिए उठा तो पारस ने टोंक दिया। "खाना तो ढंग से खाओ। जल्दी किस बात की है तुम्हें।" "बस पापा मेरा पेट भर गया।" कहते हुए वह प्लेट किचन में रख अपने कमरे में चला गया। पारस का मन भी खाने से उचट गया। उसने प्लेट की रोटी खत्म की और प्लेट किचन में रख आया। बचा हुआ खाना फ्रिज में रख कर वह भी अपने कमरे में चला गया। लैपटॉप खोल कर वह ऑफिस का काम करने लगा। पर काम में उसका मन नही लग रहा था। वह आरव के विषय में सोच रहा था। उसने महसूस किया था कि पिछले कुछ महीनों में आरव के बर्ताव में बहुत परिवर्तन आ गया है। पहले डिनर का समय खाने के साथ साथ आपसी बातचीत का भी होता था। आरव उसे स्कूल में क्या हुआ इसका पूरा ब्यौरा देता था। किंतु जबसे उसने कॉलेज जाना शुरू किया है तब से बहुत कम बात करता है। इधर कुछ दिनों से तो उसका ध्यान ही जैसे घर में नही रहता था। पारस सोचने लगा। उम्र का तकाज़ा है। उन्नीस साल का हो गया है अब वह। नए दोस्त नया माहौल इस सब में उसने अपनी अलग दुनि...

बुआ दादी

पांच साल का बिट्टू समझ नही पाता था कि क्यों बुआ दादी सिर्फ सफेद साड़ी पहनती हैं. वह मम्मी और दादी की तरह लाल बिंदी लगाने की जगह चंदन का टीका क्यों लगाती है. आखिरकार उसने बुआ दादी से ही पूंछा. उस बाल विधवा की दबी हुई पीड़ा को इस बच्चे ने उभार दिया. क्या बताती कि होश संभालने से पहले ही पति को खो देने के दंड में समाज ने उसे इन बेड़ियों में जकड़ रखा है.

जन्मदिन का तोहफा

नकुल ने अपना गुल्लक खोला और अपनी जमा पूंजी को गिना. अभी भी बहुत पैसे इकठ्ठे करने हैं. पिछले तीन महिनों से वह पैसे बचा रहा था. आइसक्रीम चॉकलेट्स की अपनी इच्छा को दबाकर सारी पॉकेटमनी जमा कर देता था. इस बीच पड़े अपने जन्मदिन पर कपड़ों के लिए मिले पैसे भी उसने खर्च नही किए. घर में सभी जानते थे कि वह पैसे बचा रहा है पर क्यों यह एक रहस्य था. वह किसी को कुछ नही बताता था. घर वाले यह सोंच कर खुश थे कि इसी बहाने बचत की आदत पड़ रही है. नकुल पढ़ने लिखने में बहुत होशियार था. सदैव अच्छे अंक लाता था. उसे यदि कोई टक्कर दे पाता था तो वह था उसका बेस्ट फ्रेंड संजीव. संजीव भी एक मेधावी छात्र था. नकुल और उसके बीच एक स्वस्थ प्रतियोगिता चलती थी कि देखें इस बार कौन कक्षा में प्रथम आता है. दोनों में आपस में बहुत प्रेम था. हलांकि दोनों के परिवारों की आर्थिक स्थिति में बहुत फ़र्क था. नकुल के माता पिता दोनों बहुत अच्छा कमाते थे. उसके घर में किसी चीज़ की कमी नही थी. जबकी संजीव के पिता एक छोटी सी दुकान चलाते थे. घर में प्रायः पैसों का आभाव रहता था. संजीव पढ़ने में अच्छा था इसीलिए उसकी फीस माफ थी तथा उसे छात्...