सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

अजिया

स्टोर रूम में पड़े पुराने एल्बम के पन्ने पलते हुए एक तस्वीर पर मेरी निगाह अटक गयी। झुर्रियों वाला एक चेहरा मुझे देख रहा था। मेरा मन वर्षों की दूरियां पार कर कुछ ही क्षणों में मुझे मेरे बचपन में ले गया। जहाँ छोटा सा मैं अपनी बूढी दादी की गोद में बैठा हुआ उसके हाथ से दूध भात खा रहा था।
मैं भाई बहनों में सबसे छोटा था। अतः अजिया का बड़ा दुलारा था। रात को उसके साथ उसकी खटोली पर लेट कर उनसे कहानी सुनाने की जिद करता था। अपनी कहानियों के द्वारा  वह मुझे एक अनोखे संसार की सैर कराती थीं। मेरा बाल मन उन कथाओं के चरित्रों के साथ कभी डर कर सहम जाता तो कभी ख़ुशी से झूमने लगता। कितनी कुशलता से वह उन कहानियों में नीति की बातों को गूँथ  देती थीं। अक्सर ही मैं कहानी पूरी होने से पहले  सो जाता था। अगले दिन कक्षा में बैठे बैठे मैं सोंचता रहता की राजकुमारी उस दुष्ट राक्षस के चंगुल से बच पाई या नहीं। मेरा मन बेचैन होने लगता और मैं सोंचता की कब घर पहुँचूँ और अजिया से कहानी का अंत सुनूँ। अजिया नाराज़ होतीं " तू कभी कहानी पूरी नहीं सुनता फिर मेरी जान खाता है।" फिर दोपहर को आराम करते समय मुझे अपने साथ लिटा कर बाकी की कहानी सुनातीं। मेरे मन में उठाने वाले कौतुहल अजिया के पास जाकर शांत हो जाते। उस वक़्त दुनियां में यदि मुझे किसी पर सबसे ज्यादा यकीन था तो अजिया पर। वह मेरी सबसे अच्छी दोस्त थीं।
जैसे जैसे मैं बड़ा होता गया अजिया की और भी खूबियाँ मुझे नज़र आने लगीं। मेरे पिता फौज में थे और घर से बाहर रहते थे। उनकी अनुपस्तिथि में अजिया ही परिवार को संभालती थीं। अधिक पढ़ी लिखी नहीं थी किन्तु बड़ी कुशलता से घर की जिम्मेदारियां निभाती थीं। मजाल था की घर में किसी मर्द के न होने के कारण कोई कुछ ऊंची नीची बात कह जाए। घर में क्या आना है क्या नहीं, किस रिश्तेदार के घर शादी ब्याह के अवसर पर क्या देना है सब कुछ वही निर्धारित करती थीं। अम्मा तो बस एक सिपाही की तरह उनके हुक्म का पालन करतीं थीं।
धीरे धीरे अजिया का शरीर शिथिल पड़ने लगा। अब अधिकांश समय वह अपनी खटोली पर बिताती थीं। मुझसे कहतीं " अब तो तू अपनी अजिया के पास आता ही नहीं, आ कुछ देर मेरे पास बैठ। मैं तुझे अच्छी सी कहानी सुनाऊंगी  " किन्तु किशोरावस्था की ओर बढ़ता मेरा मन अब उन कहानियों में नहीं लगता था। वह तो गली में खेलते मेरे साथियों की ओर भागता था। " अभी नहीं अजिया मेरे दोस्त मेरी राह देख रहे होंगे।" कहकर मैं बाहर भाग जाता था।
अजिया अब पूर्णतया अशक्त हो चुकी थीं। पिताजी भी अब रिटायर होकर  घर आ गए थे। वही उनकी देखभाल करते थे। देह बिलकुल जर्जर हो चुकी थी। आँखों से भी कम सुझाई देता था। घर की सारी चिंताओं से खुद को अलग कर अजिया अब सिर्फ राम राम जपा करतीं और राम जी से प्रार्थना करती की अब उन्हें अपने पास  बुला लें।
मेरा दसवीं का नतीजा बहुत अच्छा रहा था। पिताजी भी बहुत खुश थे। अतः उनकी इज़ाज़त लेकर मैंने अपने दोस्तों के साथ फिल्म देखने का प्लान बनाया। मैं तैयार होकर निकल ही रहा था तभी अजिया ने मुझे पुकारा। मैं उनकी खटोली के पास जाकर बैठ गया। उन्होंने धीरे से अपना कांपता हुआ हाँथ उठाया और मेरे सर पर रख दिया " बड़ा अच्छा नतीजा आया है तेरा, खूब तरक्की कर, आ कुछ देर मेरे पास बैठ। " मैं परेशानी में पड़  गया " अजिया अभी तो मैं अपने दोस्तों के साथ बहार जा रहा हूँ लेकिन जब लौट कर आऊँगा तो तुम्हारे साथ तुम्हारी खटोली पर लेटूंगा। "
देर शाम जब मैं घर लौटा तो घर का माहौल कुछ बदला हुआ था। आँगन में बैठी अम्मा रो रही थी। दीदी ने बताया की अजिया को रामजी ने अपने पास बुला लिया। पिताजी पड़ोस से बुआ को फ़ोन करने गए हैं। अगली सुबह चार कन्धों पर सवार होकर अजिया ने हमेशा के लिए घर छोड़ दिया। उसी दिन रात जब सब सो गए मैं अजिया की खटोली पर जाकर लेट गया। अजिया जो बचपन में मेरी सबसे अच्छी मित्र थीं उनसे कितना दूर हो गया था मैं। खटोली पर पड़े हुए मैं फूट फूट कर रोने लगा।
कुछ बूँदें मेरे हाथ पर भी गिरीं। मैंने देखा की वो तस्वीर मेरे आंसुओं से भीग गयी थी। मैंने रुमाल से उसे पोंछा और एल्बम बंद करके रख दिया।


http://www.tumbhi.com/writing/short-stories/aziya-/ashish-trivedi/41926#.U7uIm3-vPgA.gmail




टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

केंद्र बिंदु

पारस देख रहा था कि आरव का मन खाने से अधिक अपने फोन पर था। वह बार बार मैसेज चेक कर रहा था। सिर्फ दो रोटी खाकर वह प्लेट किचन में रखने के लिए उठा तो पारस ने टोंक दिया। "खाना तो ढंग से खाओ। जल्दी किस बात की है तुम्हें।" "बस पापा मेरा पेट भर गया।" कहते हुए वह प्लेट किचन में रख अपने कमरे में चला गया। पारस का मन भी खाने से उचट गया। उसने प्लेट की रोटी खत्म की और प्लेट किचन में रख आया। बचा हुआ खाना फ्रिज में रख कर वह भी अपने कमरे में चला गया। लैपटॉप खोल कर वह ऑफिस का काम करने लगा। पर काम में उसका मन नही लग रहा था। वह आरव के विषय में सोच रहा था। उसने महसूस किया था कि पिछले कुछ महीनों में आरव के बर्ताव में बहुत परिवर्तन आ गया है। पहले डिनर का समय खाने के साथ साथ आपसी बातचीत का भी होता था। आरव उसे स्कूल में क्या हुआ इसका पूरा ब्यौरा देता था। किंतु जबसे उसने कॉलेज जाना शुरू किया है तब से बहुत कम बात करता है। इधर कुछ दिनों से तो उसका ध्यान ही जैसे घर में नही रहता था। पारस सोचने लगा। उम्र का तकाज़ा है। उन्नीस साल का हो गया है अब वह। नए दोस्त नया माहौल इस सब में उसने अपनी अलग दुनि...

बुआ दादी

पांच साल का बिट्टू समझ नही पाता था कि क्यों बुआ दादी सिर्फ सफेद साड़ी पहनती हैं. वह मम्मी और दादी की तरह लाल बिंदी लगाने की जगह चंदन का टीका क्यों लगाती है. आखिरकार उसने बुआ दादी से ही पूंछा. उस बाल विधवा की दबी हुई पीड़ा को इस बच्चे ने उभार दिया. क्या बताती कि होश संभालने से पहले ही पति को खो देने के दंड में समाज ने उसे इन बेड़ियों में जकड़ रखा है.

जन्मदिन का तोहफा

नकुल ने अपना गुल्लक खोला और अपनी जमा पूंजी को गिना. अभी भी बहुत पैसे इकठ्ठे करने हैं. पिछले तीन महिनों से वह पैसे बचा रहा था. आइसक्रीम चॉकलेट्स की अपनी इच्छा को दबाकर सारी पॉकेटमनी जमा कर देता था. इस बीच पड़े अपने जन्मदिन पर कपड़ों के लिए मिले पैसे भी उसने खर्च नही किए. घर में सभी जानते थे कि वह पैसे बचा रहा है पर क्यों यह एक रहस्य था. वह किसी को कुछ नही बताता था. घर वाले यह सोंच कर खुश थे कि इसी बहाने बचत की आदत पड़ रही है. नकुल पढ़ने लिखने में बहुत होशियार था. सदैव अच्छे अंक लाता था. उसे यदि कोई टक्कर दे पाता था तो वह था उसका बेस्ट फ्रेंड संजीव. संजीव भी एक मेधावी छात्र था. नकुल और उसके बीच एक स्वस्थ प्रतियोगिता चलती थी कि देखें इस बार कौन कक्षा में प्रथम आता है. दोनों में आपस में बहुत प्रेम था. हलांकि दोनों के परिवारों की आर्थिक स्थिति में बहुत फ़र्क था. नकुल के माता पिता दोनों बहुत अच्छा कमाते थे. उसके घर में किसी चीज़ की कमी नही थी. जबकी संजीव के पिता एक छोटी सी दुकान चलाते थे. घर में प्रायः पैसों का आभाव रहता था. संजीव पढ़ने में अच्छा था इसीलिए उसकी फीस माफ थी तथा उसे छात्...