सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

मातृ शक्ति


रचनाकार: आशीष त्रिवेदी की लघुकथा - मातृ शक्ति

आज राम नवमी का दिन था। श्रीमती शर्मा अपने पति के साथ देवी के दर्शन करने आयीं थीं। इस मंदिर की प्रसिद्धि दूर दूर तक थी। पहले तो वो हर महीने ही यहाँ आती थीं किन्तु नौकरी में व्यस्तता बढ़ जाने  के कारण पिछले शारदीय नवरात्री के बाद आज आ पायीं थीं।
मंदिर में बहुत भीड़ थी। दर्शन करने वाले भक्तों का ताँता लगा था। माँ के दर्शन करने के बाद वो अपने साथ लाये हुए पूरी और हलवे के पैकेट बाहर बैठे भिखारियों में बाटने लगीं। उनकी नज़रें इधर उधर भटक रही थीं। दरअसल वो गौरी को ढूंढ रही थीं।
गौरी चौदह पंद्रह साल की एक अनाथ लड़की थी। वो गूंगी थी। जब वह करीब छह वर्ष की होगी तब कोई उसे मंदिर में छोड़ गया था। पुजारी जी ने उसका नाम गौरी रख दिया। गौरी मंदिर की सीढ़ियों पर ही बैठती थी। आने वाले भक्त जो दे देते थे उसी से गुजारा कर लेती थी। श्रीमती शर्मा को उसकी जो बात सबसे अच्छी लगती थी वह थी उसकी वो प्यारी सी मुस्कान जो इतनी तकलीफों के बाद भी हमेशा उसके चहरे पर खिली रहती थी।
श्रीमती शर्मा उसे ढूंढ रही थीं ताकि वे उसे भी प्रसाद दे सकें। तलाशते तलाशते उनकी निगाह एक कोने पर पड़ी। वहां एक गठरी की तरह सिमटी हुई गौरी बैठी थी। उसका चेहरा मुरझाया हुआ था। बड़ी मुश्किल से वो खड़ी हुई और मटके की तरह आगे निकल आये पेट को हाथों से संभालते हुए धीरे धीरे सीढियां उतरने लगी।
श्रीमती शर्मा का दिल धक् से रह गया। पास बैठी फूल बेचने वाली बोली " न जाने कौन राक्षस इसके साथ मुह काला कर इसे छोड़ गया।"
मंदिर की घंटियाँ बज रही थीं। स्त्री शक्ति को माता के  रूप में पूजने वालों का आना जारी था।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

ना मे हाँ

सब तरफ चर्चा थी कि गीता पुलिस थाने के सामने धरने पर बैठी थी। उसने अजय के खिलाफ जो शिकायत की थी उस पर कोई कार्यवाही नहीं हुई थी।  पिछले कई महीनों से गीता बहुत परेशान थी। कॉलेज आते जाते अजय उसे तंग करता था। वह उससे प्रेम करने का दावा करता था। गीता उसे समझाती थी कि उसे उसमें कोई दिलचस्पी नहीं है। वह सिर्फ पढ़ना चाहती है। लेकिन अजय हंस कर कहता कि लड़की की ना में ही उसकी हाँ होती है।  गीता ने बहुत कोशिश की कि बात अजय की समझ में आ जाए कि उसकी ना का मतलब ना ही है। पर अजय नहीं समझा। पुलिस भी कछ नहीं कर रही थी। हार कर गीता यह तख्ती लेकर धरने पर बैठ गई कि 'लड़की की ना का सम्मान करो।'  सभी उसकी तारीफ कर रहे थे।

केंद्र बिंदु

पारस देख रहा था कि आरव का मन खाने से अधिक अपने फोन पर था। वह बार बार मैसेज चेक कर रहा था। सिर्फ दो रोटी खाकर वह प्लेट किचन में रखने के लिए उठा तो पारस ने टोंक दिया। "खाना तो ढंग से खाओ। जल्दी किस बात की है तुम्हें।" "बस पापा मेरा पेट भर गया।" कहते हुए वह प्लेट किचन में रख अपने कमरे में चला गया। पारस का मन भी खाने से उचट गया। उसने प्लेट की रोटी खत्म की और प्लेट किचन में रख आया। बचा हुआ खाना फ्रिज में रख कर वह भी अपने कमरे में चला गया। लैपटॉप खोल कर वह ऑफिस का काम करने लगा। पर काम में उसका मन नही लग रहा था। वह आरव के विषय में सोच रहा था। उसने महसूस किया था कि पिछले कुछ महीनों में आरव के बर्ताव में बहुत परिवर्तन आ गया है। पहले डिनर का समय खाने के साथ साथ आपसी बातचीत का भी होता था। आरव उसे स्कूल में क्या हुआ इसका पूरा ब्यौरा देता था। किंतु जबसे उसने कॉलेज जाना शुरू किया है तब से बहुत कम बात करता है। इधर कुछ दिनों से तो उसका ध्यान ही जैसे घर में नही रहता था। पारस सोचने लगा। उम्र का तकाज़ा है। उन्नीस साल का हो गया है अब वह। नए दोस्त नया माहौल इस सब में उसने अपनी अलग दुनि...

दिया

गुप्ता जी पार्क में आए तो अभी भी वह नहीं आई थीं। पहले दो दिन भी वह प्रतीक्षा कर लौट गए थे। वह बैठ कर इंतज़ार करने लगे। पत्नी की मृत्यु को एक वर्ष होने वाला था। पहले हर शाम वह अपनी पत्नी के साथ घर में लगाए हुए छोटे से बागीचे में बैठ कर चाय पीते थे। पर पत्नी के ना रहने पर शाम का वह समय जैसे काटने को दौड़ता था। अतः उन्होंने घर के पास बने इस पार्क में आना शुरू किया। यहीं उनकी मुलाकात सविता जी से हुई। दोनों ने ही एक दूसरे के एकाकीपन को पहचान लिया। हमदर्दी उन्हें एक दूसरे के समीप ले आई। रोज़ शाम वह इसी पार्क में एक दूसरे के साथ कुछ समय बताते थे। कभी कुछ बातचीत करते तो कभी बिना कुछ बोले एक दूसरे के साथ को महसूस करते। गुप्ता जी ने घड़ी देखी। प्रतीक्षा करते हुए आधा घंटा निकल गया था। उन्हें चिंता होने लगी। कहीं कोई अनहोनी तो नहीं हो गई। बेचैनी में वह इधर उधर टहलने लगे। तभी सविता जी आती दिखाई दीं। "कहाँ रह गई थीं आप। दो दिनों से आई भी नहीं।" गुप्ता जी ने परेशान होकर पूँछा। बेंच पर बैठते हुए सविता जी बोलीं। "दरअसल पोते को बुखार था। इसलिए नहीं आ पाई। आज कुछ ठीक था तो आ गई।" ...