सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

स्कूल बैग

नेहा स्कूल बैग को अपनी छाती से चिपकाए बिस्तर पर बैठी थी. उसे देख कर विपिन के दिल में एक टीस सी उठी. वह सुबह उसके जीवन में गहरा अंधेरा लेकर आई थी. वह उस सुबह को याद बारे करने लगा.
उनकी बेटी सोनाली के स्कूल का पहला दिन था. नई यूनीफॉर्म में सजी वह खिलखिलाती हुई पूरे घर में घूम रही थी. विपिन उसकी तस्वीरें ले रहा था.
"अब फोटो खींचना बंद करो. स्कूल बस का समय हो रहा है. इसे बिठा कर आओ." नेहा ने उसे टोंका. 
नेहा को बॉय कर सोनाली विपिन का हाथ पकड़ कर बड़े उत्साह से स्कूल के लिए चल दी. उसका स्कूल बैग और वॉटर बॉटल विपिन ने पकड़ रखी थी. घर से कुछ ही दूर पर दोनों सड़क किनारे फुटपाथ पर खड़े होकर बस का इंतज़ार करने लगे. एक पपी को देख कर सोनाली हाथ छुड़ा कर उसकी तरफ भागी. विपिन उसे पकड़ने के लिए आगे बढ़ा ही था कि अचानक एक बेकाबू कार सोनाली को कुचलते हुए चली गई. देखते ही देखते उसकी दुनिया उजड़ गई. नेहा को जब यह खबर मिली वह बदहवास सी भागती वहाँ पहुँची. सोनाली का शव देख कर चीख पड़ी. पास पड़े स्कूल बैग को छाती से लगा कर रोने लगी. उस दिन आखिरी बार वह रोई थी. उसके बाद ना वह रोई और ना ही कुछ बोली. बस सोनाली के स्कूल बैग को छाती से चिपकाए रहती थी. बेटी तो गई लेकिन पत्नी पास होकर भी उसके साथ नहीं थी.
कई मनोचिकित्सकों को दिखाया पर सबका कहना था कि जब तक यह रोती नही तब तक यूं ही दुख में डूबी रहेंगी. 
विपिन उठा और नेहा के पास जाकर बैठ गया. उसने प्यार से उसके माथे को चूमा किंतु वह उसी प्रकार अविचल बैठी रही. विपिन की आँखें भर आईं.
"अंकल आप खाना नहीं खाऐंगे." रिंकी ने विपिन से पूँछा. उसकी बात सुन कर विपिन अपने दुख से बाहर आया "माफ करना बेटा मैं तो भूल गया. तुम कामवाली आंटी से लेकर खाना खा लो. मैं नेहा को खिलाने के बाद खाऊँगा."
रिंकी खाना खाने चली गई. वह उसके दफ्तर के चपरासी की बेटी थी. कुछ दिन पहले अपने पिता की मृत्यु के बाद वह अनाथ हो गई थी. विपिन को उसमें सोनाली की झलक दिखाई पड़ी. उसने रिंकी को अपना लिया. उसने रिंकी का स्कूल में दाखिला करा दिया. दो दिन बाद ही उसका स्कूल आरंभ होना था.
नेहा को खाना खिलाते हुए विपिन सोंच रहा था कि कैसे नेहा को उसके दुख से बाहर लाए. उसने विचार किया कि यह स्कूल बैग ही नेहा को उसके ग़म से बाहर नहीं आने देता है. किसी तरह से यह स्कूल बैग उससे अलग करना चाहिए. एक विचार उसके मन में कौंधा.
वह रिंकी को अपने कमरे में ले आया. नेहा को संबोधित कर बोला "यह रिंकी है. अब यही हमारी बेटी है. इसे स्कूल जाना है. यह बैग इसे दे दो."
नेहा ने बैग और कस कर पकड़ लिया. विपिन ने बैग पकड़ कर खींचा "सोनाली अब नहीं आएगी. यह बैग रिंकी को दे दो."
नेहा उठ कर खड़ी हो गई और बैग अपनी तरफ खींचने लगी. विपिन ने ज़ोर लगा कर बैग छीन लिया और रिंकी को दे दिया.
"सोनाली..." नेहा ज़ोर से चीखी और फूट फूट कर रोने लगी. विपिन उसे सांत्वना देने लगा.
दो दिन बाद रिंकी नई यूनीफॉर्म पहन कर नेहा के सामने खड़ी थी. विपिन ने कहा "नेहा रिंकी स्कूल जा रही है. उसे आशीर्वाद दो."
कुछ देर तक नेहा उसे देखती रही. फिर उठ कर उसने रिंकी को गले से लगा लिया.

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

केंद्र बिंदु

पारस देख रहा था कि आरव का मन खाने से अधिक अपने फोन पर था। वह बार बार मैसेज चेक कर रहा था। सिर्फ दो रोटी खाकर वह प्लेट किचन में रखने के लिए उठा तो पारस ने टोंक दिया। "खाना तो ढंग से खाओ। जल्दी किस बात की है तुम्हें।" "बस पापा मेरा पेट भर गया।" कहते हुए वह प्लेट किचन में रख अपने कमरे में चला गया। पारस का मन भी खाने से उचट गया। उसने प्लेट की रोटी खत्म की और प्लेट किचन में रख आया। बचा हुआ खाना फ्रिज में रख कर वह भी अपने कमरे में चला गया। लैपटॉप खोल कर वह ऑफिस का काम करने लगा। पर काम में उसका मन नही लग रहा था। वह आरव के विषय में सोच रहा था। उसने महसूस किया था कि पिछले कुछ महीनों में आरव के बर्ताव में बहुत परिवर्तन आ गया है। पहले डिनर का समय खाने के साथ साथ आपसी बातचीत का भी होता था। आरव उसे स्कूल में क्या हुआ इसका पूरा ब्यौरा देता था। किंतु जबसे उसने कॉलेज जाना शुरू किया है तब से बहुत कम बात करता है। इधर कुछ दिनों से तो उसका ध्यान ही जैसे घर में नही रहता था। पारस सोचने लगा। उम्र का तकाज़ा है। उन्नीस साल का हो गया है अब वह। नए दोस्त नया माहौल इस सब में उसने अपनी अलग दुनि...

बुआ दादी

पांच साल का बिट्टू समझ नही पाता था कि क्यों बुआ दादी सिर्फ सफेद साड़ी पहनती हैं. वह मम्मी और दादी की तरह लाल बिंदी लगाने की जगह चंदन का टीका क्यों लगाती है. आखिरकार उसने बुआ दादी से ही पूंछा. उस बाल विधवा की दबी हुई पीड़ा को इस बच्चे ने उभार दिया. क्या बताती कि होश संभालने से पहले ही पति को खो देने के दंड में समाज ने उसे इन बेड़ियों में जकड़ रखा है.

जन्मदिन का तोहफा

नकुल ने अपना गुल्लक खोला और अपनी जमा पूंजी को गिना. अभी भी बहुत पैसे इकठ्ठे करने हैं. पिछले तीन महिनों से वह पैसे बचा रहा था. आइसक्रीम चॉकलेट्स की अपनी इच्छा को दबाकर सारी पॉकेटमनी जमा कर देता था. इस बीच पड़े अपने जन्मदिन पर कपड़ों के लिए मिले पैसे भी उसने खर्च नही किए. घर में सभी जानते थे कि वह पैसे बचा रहा है पर क्यों यह एक रहस्य था. वह किसी को कुछ नही बताता था. घर वाले यह सोंच कर खुश थे कि इसी बहाने बचत की आदत पड़ रही है. नकुल पढ़ने लिखने में बहुत होशियार था. सदैव अच्छे अंक लाता था. उसे यदि कोई टक्कर दे पाता था तो वह था उसका बेस्ट फ्रेंड संजीव. संजीव भी एक मेधावी छात्र था. नकुल और उसके बीच एक स्वस्थ प्रतियोगिता चलती थी कि देखें इस बार कौन कक्षा में प्रथम आता है. दोनों में आपस में बहुत प्रेम था. हलांकि दोनों के परिवारों की आर्थिक स्थिति में बहुत फ़र्क था. नकुल के माता पिता दोनों बहुत अच्छा कमाते थे. उसके घर में किसी चीज़ की कमी नही थी. जबकी संजीव के पिता एक छोटी सी दुकान चलाते थे. घर में प्रायः पैसों का आभाव रहता था. संजीव पढ़ने में अच्छा था इसीलिए उसकी फीस माफ थी तथा उसे छात्...