सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

मुठ्ठी की रेत

बाबूजी अपना चश्मा ढूंढ़ रहे थे. उन्होंने नौकरानी से पूंछा तो वह हंसते हुए बोली "यह क्या आपके गले में लटक रहा है."
उनकी भूलने की आदत की वजह से ही बहू ने दोनों कमानियों पर डोरी बांध दी थी कि चश्मा गले में पड़ा रहेगा. इधर उधर नहीं होगा. लेकिन उन्हें यह भी याद नहीं रहा.
वह अखबार लेकर बैठे तो बेसन भूने जाने की सोंधी खुशबू ने उनका ध्यान भटका दिया. बहू बेसन के लड्डू बना रही थी. डायबिटीज़, ब्लडप्रेशर आदि के कारण वह यह सब नहीं खा सकते थे. मन में एक टीस सी उठी. खाने के कितने शौकीन थे वह. पत्नी से नित नई चीज़ों की फरमाइश करते रहते थे. पर अब तो पाचन शक्ति  भी वैसी नहीं रही. खाने पीने में ज़रा सी गड़बड़ी स्वास्थ पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है. उन्होंने अपना मन अखबार में लगाने का प्रयास किया. वही पुरानी खबरें. दिन पर दिन छोटे होते अक्षर भी अब पढ़ने में मुश्किल पैदा करते थे. उन्होंने अखबार बंद करके रख दिया.
अपने कमरे में आकर बैठ गए. कल से भीतर का साहित्य प्रेमी जोर मार रहा था. किताबों से भरी अलमारी गवाह थी कि पढ़ने का कितना शौक था उन्हें. वह उठे और किताबों पर नज़र डालने लगे. उनकी निगाह जयशंकर प्रसाद की कामायनी पर टिक गई. शादी की पहली रात उनकी पत्नी ने भेंट की थी. किताब लेकर वह बाहर बॉलकनी में आ गए. आराम कुर्सी पर बैठ कर कामायनी पढ़ने लगे. कुछ समय बाद बहू बाहर आई तो देखा किताब उनकी गोद में खुली पड़ी थी और वह सो रहे थे. बहू ने एहतियात से किताब उठा ली ताकि उनकी नींद ना टूट जाए.

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

दिया

गुप्ता जी पार्क में आए तो अभी भी वह नहीं आई थीं। पहले दो दिन भी वह प्रतीक्षा कर लौट गए थे। वह बैठ कर इंतज़ार करने लगे। पत्नी की मृत्यु को एक वर्ष होने वाला था। पहले हर शाम वह अपनी पत्नी के साथ घर में लगाए हुए छोटे से बागीचे में बैठ कर चाय पीते थे। पर पत्नी के ना रहने पर शाम का वह समय जैसे काटने को दौड़ता था। अतः उन्होंने घर के पास बने इस पार्क में आना शुरू किया। यहीं उनकी मुलाकात सविता जी से हुई। दोनों ने ही एक दूसरे के एकाकीपन को पहचान लिया। हमदर्दी उन्हें एक दूसरे के समीप ले आई। रोज़ शाम वह इसी पार्क में एक दूसरे के साथ कुछ समय बताते थे। कभी कुछ बातचीत करते तो कभी बिना कुछ बोले एक दूसरे के साथ को महसूस करते। गुप्ता जी ने घड़ी देखी। प्रतीक्षा करते हुए आधा घंटा निकल गया था। उन्हें चिंता होने लगी। कहीं कोई अनहोनी तो नहीं हो गई। बेचैनी में वह इधर उधर टहलने लगे। तभी सविता जी आती दिखाई दीं। "कहाँ रह गई थीं आप। दो दिनों से आई भी नहीं।" गुप्ता जी ने परेशान होकर पूँछा। बेंच पर बैठते हुए सविता जी बोलीं। "दरअसल पोते को बुखार था। इसलिए नहीं आ पाई। आज कुछ ठीक था तो आ गई।" ...

ना मे हाँ

सब तरफ चर्चा थी कि गीता पुलिस थाने के सामने धरने पर बैठी थी। उसने अजय के खिलाफ जो शिकायत की थी उस पर कोई कार्यवाही नहीं हुई थी।  पिछले कई महीनों से गीता बहुत परेशान थी। कॉलेज आते जाते अजय उसे तंग करता था। वह उससे प्रेम करने का दावा करता था। गीता उसे समझाती थी कि उसे उसमें कोई दिलचस्पी नहीं है। वह सिर्फ पढ़ना चाहती है। लेकिन अजय हंस कर कहता कि लड़की की ना में ही उसकी हाँ होती है।  गीता ने बहुत कोशिश की कि बात अजय की समझ में आ जाए कि उसकी ना का मतलब ना ही है। पर अजय नहीं समझा। पुलिस भी कछ नहीं कर रही थी। हार कर गीता यह तख्ती लेकर धरने पर बैठ गई कि 'लड़की की ना का सम्मान करो।'  सभी उसकी तारीफ कर रहे थे।

भटकाव

जतिन ने माइक्रोवेव में खाना गर्म किया और डाइनिंग टेबल में बैठ कर खाने लगा. इस तरह अकेले खाते हुए उसे अच्छा नहीं लग रहा था.  इधर कुछ महीनों से उसे अपना अकेलापन बहुत खलने लगा था. वह अपने जीवन के बारे में सोंचने लगा. जवानी में उसने कभी भी अपने जीवन में एक साथी की कमी को महसूस नहीं किया था. वह अपने में ही मस्त था. उसे लगता था कि जीवन का आनंद एक जगह ठहरने में नहीं बल्की भ्रमर की तरह एक फूल से दूसरे फूल पर मंडराने में है. इस बीच उसके ना जाने कितने प्रेम प्रसंग हुए किंतु वह किसी भी रिश्ते को लेकर गंभीर नहीं रहा.  उन्हीं दिनों में जया उसके जीवन में आई. वह बहुत ही सौम्य और सादगी पसंद थी. उसकी सादगी में एक आकर्षण था. जतिन उसकी खूबसूरती का दीवाना हो गया. जया  उसकी ही कंपनी में काम करती थी. वह इस रिश्ते को लेकर गंभीर थी और उसे एक मुकाम तक ले जाना चाहती थी. लेकिन जतिन का चंचल मन फिर भटकने लगा था. इस बात से जया बहुत आहत हुई. उसने वह नौकरी छोड़ दी और दूसरे शहर में चली गई. जतिन का भटकना जारी रहा. वह किसी भी रिश्ते में अधिक नहीं ठहरता था. उसके मित्रों व शुभचिंतकों ने समझाना चाहा कि यह भट...