सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

वापसी


" तो क्या हो गया अगर उसके जन्मदिन पर एक छोटा सा उपहार दे दिया. बेचारी विधवा है. खुश हो जाएगी."
वृंदा अपने भाई भाभी के कमरे का दरवाज़ा खटखटाने ही जा रही थी की ये शब्द उसके कानों में पड़े. उसका दिल धक् से रह गया. वह उल्टे पाँव अपने कमरे में आ गयी. अपने भाई के शब्द शूल की भांति उसके दिल में चुभ गए थे. अपना सारा वजूद ही उसे हीन प्रतीत हो रहा था.
तीन माह पूर्व अपने पति की मृत्यु  के बाद वृंदा अपनी  एक वर्ष की  बेटी  को लेकर अपने मायके आ गई थी. बचपन से ही वह अपने पिता और बड़े भाई की लाडली थी. उसके बड़े भाई सदैव उसकी हर इच्छा पूरी करते थे. उसके विवाह पर भी पिता ने सारी व्यवस्था उसकी पसंद के अनुसार ही की थी. शादी के बाद उसे ससुराल में भी वही प्यार और सम्मान मिला जो पिता के घर में मिला था. अपनी गृहस्ती की रानी थी वह. हर काम उसकी इच्छा के हिसाब से ही होता था.
उसका पति रमेश एक आधूनिक विचारों का व्यक्ति था. वह स्त्री पुरुष की समानता पर यकीन करता था. उसका मानना था कि गृहस्ती दोनों की साझा होती है. दोनों का ही अधिकार एवं दायित्व समान होता है. वह अक्सर उसे समझाता रहता था कि वह स्वयं को घर की चाहर दीवारी तक ही सीमित ना रखे बल्कि बाहर निकल कर बाहरी दुनिया के बारे में जानने की कोशिश करे. वह अपने बैंक बैलेंस तथा अन्य विनियोगों की जानकारी वृंदा को देने का प्रयास करता रहता था. वह अक्सर उसे समझाता कि वक़्त का कोई भरोसा नहीं. कब क्या हो जाए. अतः उसे हर स्तिथि के लिए तैयार रहना चाहिए ताकि वक़्त पड़ने पर दूसरों का मुंह न देखना पड़े.
किन्तु वृंदा उसे अपने तर्क देकर टाल देती थी.
"मुझे क्या करना है यह सब जानकर. मुझे पूरा यकीन है कि आप सदा मेरे साथ रहेंगे. इसलिए मुझे कुछ नहीं जानना है."
"यह सब बचकानी बातें हैं. कोई भी आने वाले कल के बारे में नहीं जानता है. सभी को भविष्य के लिए सोंच कर चलना चाहिए."
"देखिए आप मेरे यकीन पर शक मत करिए. मेरा यकीन पक्का है."
"वृंदा जीवन में हम जो सोंचते हैं वही हमेशा नहीं होता है. अतः हर स्थिति के लिए तैयार रहना ही समझदारी है."
रमेश की बात सच साबित हुई. अचानक ही वह गंभीर रूप से बीमार पड़ गया. उसे एहसास हो गया था कि वह अब नहीं बचेगा. अतः उसने एक बार फिर वृंदा को समझाने का प्रयास किया.
"वृंदा अब मेरा बचना मुश्किल है. मेरे जाने के बाद तुम किसी पर आश्रित ना रहना. अपने निर्णय खुद लेना."
वृंदा को समझाने के बाद उसने अपने प्राण त्याग दिए. वृंदा की तमाम दलीलों के बावजूद उसे वैधव्य का सामना करना पड़ा.
अभी तक हर बात के लिए वह अपने पति पर निर्भर रहती थी. छोटे से छोटा फैसला भी स्वयं नहीं करती थी. लेकिन रमेश के जाने के बाद सब कुछ उस पर ही आ पड़ा. पैसों की उसे कोई कमी नहीं थी. रमेश के पास बहुत सी पैतृक संपत्ति थी. उसने सोंच समझ कर विनियोग किए थे. लेकिन वृंदा ने कभी उनके बारे में जानने की कोशिश नहीं की. उसे इन मामलों की ज्यादा जानकारी भी नहीं थी.
दुःख के इस अवसर पर उसे अपने प्रियजनों की याद आई. पिता तो रहे नहीं किन्तु भैया उस से कहते थे "तू मेरी छोटी बहन नहीं बल्कि बेटी है." अतः वह अपने मायके आ गयी. अपनी सारी संपत्ति का दायित्व भी उसने अपने भाई को सौंप दिया. वही उससे प्राप्त होने वाली आय को देखते थे. वृंदा ने उनसे कभी किसी चीज़ का हिसाब नहीं मांगा. उसके लिए तो इतना बहुत था कि उसकी और उसकी बेटी की देखभाल हो रही है.
जब तक उसके पति जीवित थे उसके जन्म दिन पर हर साल उसके भैया भाभी महंगे तोहफे लेकर उसके घर जाते थे. उसने महसूस किया कि इन तीन महीनों में लोगों का बर्ताव उसके प्रति बदल गया था. अक्सर लोग उसे अत्यधिक दया दिखाते थे. जैसे कि वह असहाय हो. यह बात उसके स्वाभिमान को गवारा नहीं थी. फिर  भी वह सब कुछ अनसुना कर देती थी. किन्तु आज तो उसके पिता समान भाई जिनकी वह लाडली थी के लिए भी वह सिर्फ बेचारी विधवा बन गयी थी. एक उपहार के लिए भाभी शिकायत कर रहीं थीं. जबकी वह जानती थी कि उसकी संपत्ति से प्राप्त आय से वह अपने लिए कितना कुछ खरीदती थीं. इस बात से उसे बहुत चोट पहुँची थी. वह विधवा थी पर उस व्यक्ति की जिसने उसे सदा स्वाभिमान पूर्वक जीने की प्रेरणा  दी थी. वह अपने आत्मसम्मान से समझौता कर जीना नहीं चाहती थी.
सारी रात अपने आने वाले जीवन पर विचार करती रही. बार बार एक ही विचार उसके मन में आता था. काश कि उसने रमेश की बात मानी होती. अपने भाई पर अंधा विश्वास ना करके सारी व्यवस्था उसने स्वयं संभाली होती. वह अकेली नहीं थी उसकी छोटी सी बच्ची का जीवन भी उस पर निर्भर था. फिर उसने ऐसी गलती कैसे की.
रात भर इसी प्रकार विचार करने के बाद उसने फैसला किया कि वह अपने जीवन की कमान अब खुद संभालेगी ताकि अपनी बच्ची को एक अच्छी परवरिश दे सके. उसे स्वावलंबी बना सके.
सुबह होने पर उसने अपना फैसला अपने भाई को सुना दिया. अपना सामान समेट वह अपने घर चली गई.

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

केंद्र बिंदु

पारस देख रहा था कि आरव का मन खाने से अधिक अपने फोन पर था। वह बार बार मैसेज चेक कर रहा था। सिर्फ दो रोटी खाकर वह प्लेट किचन में रखने के लिए उठा तो पारस ने टोंक दिया। "खाना तो ढंग से खाओ। जल्दी किस बात की है तुम्हें।" "बस पापा मेरा पेट भर गया।" कहते हुए वह प्लेट किचन में रख अपने कमरे में चला गया। पारस का मन भी खाने से उचट गया। उसने प्लेट की रोटी खत्म की और प्लेट किचन में रख आया। बचा हुआ खाना फ्रिज में रख कर वह भी अपने कमरे में चला गया। लैपटॉप खोल कर वह ऑफिस का काम करने लगा। पर काम में उसका मन नही लग रहा था। वह आरव के विषय में सोच रहा था। उसने महसूस किया था कि पिछले कुछ महीनों में आरव के बर्ताव में बहुत परिवर्तन आ गया है। पहले डिनर का समय खाने के साथ साथ आपसी बातचीत का भी होता था। आरव उसे स्कूल में क्या हुआ इसका पूरा ब्यौरा देता था। किंतु जबसे उसने कॉलेज जाना शुरू किया है तब से बहुत कम बात करता है। इधर कुछ दिनों से तो उसका ध्यान ही जैसे घर में नही रहता था। पारस सोचने लगा। उम्र का तकाज़ा है। उन्नीस साल का हो गया है अब वह। नए दोस्त नया माहौल इस सब में उसने अपनी अलग दुनि...

बुआ दादी

पांच साल का बिट्टू समझ नही पाता था कि क्यों बुआ दादी सिर्फ सफेद साड़ी पहनती हैं. वह मम्मी और दादी की तरह लाल बिंदी लगाने की जगह चंदन का टीका क्यों लगाती है. आखिरकार उसने बुआ दादी से ही पूंछा. उस बाल विधवा की दबी हुई पीड़ा को इस बच्चे ने उभार दिया. क्या बताती कि होश संभालने से पहले ही पति को खो देने के दंड में समाज ने उसे इन बेड़ियों में जकड़ रखा है.

जन्मदिन का तोहफा

नकुल ने अपना गुल्लक खोला और अपनी जमा पूंजी को गिना. अभी भी बहुत पैसे इकठ्ठे करने हैं. पिछले तीन महिनों से वह पैसे बचा रहा था. आइसक्रीम चॉकलेट्स की अपनी इच्छा को दबाकर सारी पॉकेटमनी जमा कर देता था. इस बीच पड़े अपने जन्मदिन पर कपड़ों के लिए मिले पैसे भी उसने खर्च नही किए. घर में सभी जानते थे कि वह पैसे बचा रहा है पर क्यों यह एक रहस्य था. वह किसी को कुछ नही बताता था. घर वाले यह सोंच कर खुश थे कि इसी बहाने बचत की आदत पड़ रही है. नकुल पढ़ने लिखने में बहुत होशियार था. सदैव अच्छे अंक लाता था. उसे यदि कोई टक्कर दे पाता था तो वह था उसका बेस्ट फ्रेंड संजीव. संजीव भी एक मेधावी छात्र था. नकुल और उसके बीच एक स्वस्थ प्रतियोगिता चलती थी कि देखें इस बार कौन कक्षा में प्रथम आता है. दोनों में आपस में बहुत प्रेम था. हलांकि दोनों के परिवारों की आर्थिक स्थिति में बहुत फ़र्क था. नकुल के माता पिता दोनों बहुत अच्छा कमाते थे. उसके घर में किसी चीज़ की कमी नही थी. जबकी संजीव के पिता एक छोटी सी दुकान चलाते थे. घर में प्रायः पैसों का आभाव रहता था. संजीव पढ़ने में अच्छा था इसीलिए उसकी फीस माफ थी तथा उसे छात्...