सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

संदेश

दिसंबर, 2018 की पोस्ट दिखाई जा रही हैं

संध्या आरती

अनिल जब ऑटो से उतरा तो बिल्डिंग देख कर लगा कि यहाँ तो सब साधारण फ्लैट ही होंगे। उसे आश्चर्य हुआ। महंगी जीवनशैली के आदी उसके चाचा यहाँ कैसे रहते होंगे। पर जब उससे बात हुई थी तब तो उन्होंने अपना नया पता यही बताया था।   अनिल कोई दस साल बाद इस शहर में अपने गुरूजी के समागम में हिस्सा लेने आया था। वह उन्हें बहुत मानता था। छोटी उम्र में उन्होंने सन्यास ले लिया था। सारे देश में बहुत से आश्रम थे उनके। वह चाह रहा था जल्द से जल्द अपने गुरूजी की तस्वीर रख कर संध्या आरती कर सके। जब वह सीढ़ियां चढ़ कर तीसरे फ्लोर पर पहुँचा तो उसे और अधिक आश्चर्य हुआ। यह एक कमरे का साधारण फ्लैट था। सिर्फ एक पंखा लगा था। चाचाजी फर्श पर चटाई डाले बैठे थे। "चाचाजी आपने वकालत छोड़ दी। अब आप इतने साधारण ढंग से क्यों रहते हैं ?" "वकालत मैं अभी भी करता हूँ। फीस भी पहले की तरह ही वसूलता हूँ। अपनी ज़रूरतें पूरी करने के बाद जो बचता है वह समाज की आवश्यक्ता पर खर्च कर देता हूँ।" अपने चाचा की बात सुन कर संध्या आरती करने की अनिल की इच्छा खत्म हो गई।

संघर्ष

आई.आई.टी की पढ़ाई पूरी करते ही वैभव को एक बड़ी आईटी कंपनी ने अच्छा पैकेज ऑफर किया। सारे कैंपस में वैभव की इस सफलता की चर्चा ज़ोरों पर थी। ज्वाइनिंग से पहले वैभव अपने माता पिता से मिलने जाने की तैयारी कर रहा था। आज वह उन लोगों के प्रति कृतज्ञता महसूस कर रहा था। बचपन में जब उसके जन्मदिन पर सस्ते खिलौने मिलते थे तब वह बहुत दुखी होता था। अपने दोस्तों को खिलौने दिखाने में शर्माता था। पर आज उसे एहसास हो रहा था कि उसके माता पिता ने कितनी कठिनाइयां सह कर उसे इस मुकाम तक पहुँचाया है। महंगे खिलौनों पर इतराने वाले उसके दोस्त कितने पीछे रह गए थे।