सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

संदेश

2017 की पोस्ट दिखाई जा रही हैं

मेरे गीत

सरगम के गांव लौट आने की खबर सुन कर छबीली बहुत खुश थी। कितने महीनों से वह उसकी राह देख रही थी। जब से वह गया था उसके जीवन में खामोशी सी आ गई थी। जो उसे बहुत अखरती थी। सरगम ही तो उसके जीवन का संगीत था। उसके नेत्रहीन जीवन की रौशनी। सरगम उसके बचपन का साथी था।बहुत मीठा गला था उसका। वह उसे मीठे मीठे गीत सुना कर उसका मन बहलाता था। उसके गीत छबीली की सबसे बड़ी पूंजी थे। एक दिन सरगम एक म्यूज़िकल ग्रुप के साथ गांव छोड़ कर चला गया। छबीली उसकी प्रतीक्षा करने लगी। उसे यकीन था कि जब भी वह आएगा उसके लिए गीत गाएगा।  आहट सुन कर वह खिल उठी "सरगम तुम..." "तुमने कैसे जान लिया?" सरगम ने अचरज से पूँछा। "तुम्हारा ही तो इंतज़ार कर रही थी। कैसे हो?" "अच्छा हूँ। तुम कैसी हो?" "मैं ठीक हूँ। तुमने तो वहाँ भी सबका दिल जीत लिया होगा।" "हाँ लोग मेरे गीतों को पसंद करते हैं।" "मुझे भी कोई गीत सुनाओ।" "ऐसे कैसे। बिना साज़ों के मूड नहीं बनता है।" "पर पहले तो मेरे लिए यूं ही गाते थे।" सरगम हंस कर बोला। "तब की बात और थी। अब तो लो

गोद

महेंद्र शांती से बैठा अस्त होते हुए सूरज को देख रहा था। कितने समय के बाद उसने शाम को महसूस किया था। अन्यथा तो आपाधापी में पूरा दिन कैसे निकल जाता था पता ही नहीं चलता था। आसपास के शांत मनोरम वातावरण से उसका मन प्रफुल्लित था। आज फिर वह एक नन्हा बच्चा बन कर माँ प्रकृति की गोद में बैठा कौतुहल से उसकी खूबसूरती निहार रहा था। तभी उसका चचेरा भाई वंश उसके पास आकर बोला। "यार कैसी बोरिंग जगह पर ले आए हो। कुछ है ही नहीं यहाँ। नेटवर्क भी गायब है। शाम बर्बाद हो गई।" महेंद्र को लगा जैसे वंश ने उसे माँ की गोद से जबरन खींच कर निकाल दिया हो।

खर्च का हिसाब

"दीपक ये मोबाइल फोन किसलिए खरीदा। तुमने तो कुछ ही महीनों पहले फोन लिया था।" वाणी ने बिल चेक करते हुए पूँछा। "वो स्नेहा दीदी के जन्मदिन के लिए।" "पर इतना महंगा फोन?" वाणी ने बिल दिखाते हुए कहा। "उनका पचासवां जन्मदिन था। फिर कौन सा रोज़ रोज़ देते हैं।" "वो ठीक है। पर पैसा खर्च करते समय सोंचना भी चाहिए।" दीपक सन्न रह गया। वाणी के सिंगिंग कैरियर को आगे बढ़ाने के लिए उसने अपना कैरियर छोड़ दिया। पर आज वाणी के लिए वह मैनेजर से अधिक कुछ नहीं था।

नया साल

साल के पहले दिन सुबह सुबह नहा धोकर गरिमा घर से निकल गई। कहते हैं कि साल के पहले दिन जो होता है वह पूरे साल होता है। अतः गरिमा भी आशीर्वाद लेना चाहती थी। ताकि वर्ष भर उसे आशीर्वाद मिलता रहे। मंदिर पहुँच कर वह इधर उधर देखने लगी। कुछ ही समय में उसका भाई विपिन खाने का सामान लेकर पहुँच गया। दोनों भाई बहन ने मिलकर मंदिर के पास बने वृद्धाश्रम में जाकर वृद्धजनों के साथ नया साल मना कर उनका आशीर्वाद लिया। नर नारायण की सेवा के बाद उन्होंने ईश्वर के दर्शन कर सबके लिए सुख शांति की प्रार्थना की।

ना मे हाँ

सब तरफ चर्चा थी कि गीता पुलिस थाने के सामने धरने पर बैठी थी। उसने अजय के खिलाफ जो शिकायत की थी उस पर कोई कार्यवाही नहीं हुई थी।  पिछले कई महीनों से गीता बहुत परेशान थी। कॉलेज आते जाते अजय उसे तंग करता था। वह उससे प्रेम करने का दावा करता था। गीता उसे समझाती थी कि उसे उसमें कोई दिलचस्पी नहीं है। वह सिर्फ पढ़ना चाहती है। लेकिन अजय हंस कर कहता कि लड़की की ना में ही उसकी हाँ होती है।  गीता ने बहुत कोशिश की कि बात अजय की समझ में आ जाए कि उसकी ना का मतलब ना ही है। पर अजय नहीं समझा। पुलिस भी कछ नहीं कर रही थी। हार कर गीता यह तख्ती लेकर धरने पर बैठ गई कि 'लड़की की ना का सम्मान करो।'  सभी उसकी तारीफ कर रहे थे।

ठहराव

"चलो ना भाभी। पार्टी में सब जान पहचान के ही होंगे। आपको अच्छा लगेगा।" सुमन ने उदास बैठी संध्या से कहा। जब से संध्या के पति की मृत्यु हुई थी तब से वह कहीं आती जाती नहीं थी। बस अपने में खोई रहती थी। इस बात को लेकर घर वाले बहुत चिंतित थे। सब उसे इस दुख से बाहर लाना चाहते थे। सुमन अक्सर ही इस बात का प्रयास करती रहती थी। आज उनके परिचित परिवार में पार्टी थी। सुमन चाहती थी कि संध्या वहाँ जाए ताकि उसका मन बदल सके। लेकिन संघ्या मान नहीं रही थी। "तुम जानती हो ना सुमन मैं अब कहीं नहीं आती जाती हूँ। मुझसे ज़िद मत करो।" उसी समय उसकी सास भीतर आई। उसके बगल में बैठ कर प्यार से समझाते हुए बोली। "बेटा जीवन को बहती नदी की तरह होना चाहिए। जो कठिनाइयों में भी बहती रहे। इसे एक दायरे में बाँधने से इसमें निष्क्रियता आ जाती है। भले ही वह दायरा हमारे सबसे बड़े दुख का हो। हमें उसमें नहीं बँधना चाहिए।" अपनी बात कह कर वह कमरे से चली गईं। सुमन भी उनके साथ चली गई। संध्या उनकी बात पर विचार करने लगी। सच में उसने अपने जीवन को इस तरह अपने दुख में डूबो दिया था कि अब उसके लिए कुछ

स्वयं की संतुष्टि

वसुदेवजी को देखते ही बच्चे उनकी तरफ भागे। सब उन्हें घेर कर खड़े हो गए। वसुदेवजी साथ लाई हुई वस्तुएं उनके बीच बांटने लगे। बच्चों के मुस्कुराते देख कर वसुदेवजी के चेहरे पर संतोष झलक रहा था। वह हर महीने इस अनाथालय में आकर इसी प्रकार बच्चों में कुछ उपहार बांट जाते थे। लौटते समय उनके साथ आए उनके मित्र ने कहा। "यदि बुरा ना मानें तो एक बात पूँछूं।" "अवश्य पूँछिए" "कभी कभार आकर बच्चों को कुछ दे जाना तो समझ आता है। लेकिन हर महीने आना। क्या कोई विशेष बात है।" कुछ सोंच कर वसुदेवजी बोले। "बस यह समझ लीजिए कि आभावों में बीते अपने बचपन को संतुष्ट करने की कोशिश कर रहा हूँ।" साथ आए मित्र उनकी बात समझने का प्रयास करने लगे।

डाली

उस बड़े से घर के बरामदे में रामरती फर्श पर सकुचाई सी बैठी थी। निगाहें दरवाज़े पर लगी थीं। किसी भी समय उसके कलेजे का टुकड़ा उसकी बच्ची बाहर निकल कर आएगी और उससे लिपट जाएगी। । दिल पर पत्थर रख कर उसने अपनी बिटिया को यहाँ काम करने के लिए भेजा था। क्या करती परिस्थितियां कभी गरीब के साथ नहीं होती हैं। दरवाज़ा खुला उसकी बच्ची उसके सामने खड़ी थी। रामरती का दिल धक् से रह गया। गरीबी और भूख में भी जो खिवखिला कर हंसती थी उसके मुर्झाए चेहरे पर एक फीकी सी मुस्कान थी।

मुक्ति

कमल समझ गया था कि डॉक्टर जांच करने के बाद क्या कहने वाले हैं। अब तक सीने में दबा दर्द एक गुबार की तरह उठा और उसके गले में आकर अटक गया। आँखों से आंसू ढलकने लगे। तीन महीनों से उसका बेटा जीवन और मृत्यु के बीच झूल रहा था। हंसता खेलता बच्चा मशीन के ज़रिए सांस ले रहा था। उसकी चंचलता का बिस्तर पर निढाल पड़े रहना एक पिता के लिए बहुत कष्टदाई था। डॉक्टर ने आकर बताया कि उसका बेटा अब नहीं रहा। दुख के बीच बेटे के कष्ट मुक्त हो जाने का एहसास उसे सहला रहा था।

डोर

सभी को लग रहा था कि शमशेर हादसे के कारण अपना दिमागी संतुलन खो बैठा है। वह एक कठपुतली कलाकार था। एक समय था कि अपनी कला के दम पर उसने कई सम्मान प्राप्त किए थे। पर धीरे धीरे उसकी कला का मोल समझने वाले लोग नहीं रहे। अब तो फाके की नौबत रहती थी। इसलिए बेटा भी मुंबई काम करने चला गया था। शमशेर ने अब तक अपनी कठपुतलिययों को संभाल कर रखा था। वह उसके लिए किसी खजाने से कम नहीं थीं।  कल रात आग लगने से सब जल गईं। रात भर वह उनके लिए रोया। किंतु सुबह हुई तो बैठ कर गाने लगा। "अरे काका क्यों दिल पर लेते हो। जो होना था हो गया।" पड़ोसी ने समझाया। "बेटा यह तो मुक्ति का राग है। अब तक मोह की डोरी से बंधा था। आग ने वह डोर काट दी।"

दूसरी दुनिया

                  चिराग कुमार की किताब 'दूसरी दुनिया' का विमोचन था। पत्रकार किताब के विषय में उससे सवाल पूँछ रहे थे। एक अंग्रेज़ी दैनिक की महिला पत्रकार ने प्रश्न किया। "चिराग, आपकी किताब का नाम है दूसरी दुनिया। यह दूसरी दुनिया है क्या?" चिराग ने उस पत्रकार को गौर से देख कर कहा। "अच्छा सवाल किया आपने। दरअसल यह वह दुनिया है जो हमारे आसपास मौजूद है किंतु हमारा समाज उसकी अनदेखी करता है। यह दूसरी दुनिया शहर की झोपड़पट्टियों में बसती है। सड़कों पर सोती है। यह उन गरीब अनाथ बच्चों की दुनिया है जहाँ जाने से बचपन भी कतराता है।" "आपका इन बच्चों से क्या संबंध है?" महिला पत्रकार ने दूसरा सवाल किया। "संबंध तो हम सबका है मैडम... वह हमारे समाज का ही हिस्सा हैं। हाँ मेरा व्यक्तिगत संबंध है क्योंकी मैं भी उसी दुनिया से निकला हूँ।" सभी उसके बारे में जानने को उत्सुक थे। पत्रकार एक एक कर सवाल कर रहे थे। चिराग धैर्य से उनके जवाब दे रहा था। बहुत देर तक सवाल जवाब चलते रहे। प्रेस कॉन्फ्रेंस समाप्त होने के बाद चिराग भी अपने घर क

दोस्त

                                   बाल मनोचिकित्सक अवतार सिंह ने आठ वर्षीय शुभ को प्यार से कुर्सी पर बैठाया। उस नन्हें से बच्चे का कोमल मन कितना आहत था वह जानते थे। अवतार सिंह उसके मन के घाव भरने का प्रयास कर रहे थे। "नाम क्या है बेटा तुम्हारा...।" शुभ शांत बैठा रहा। वह इस तरह निश्चल बैठा था जैसे कुछ सुना ही ना हो। अवतार सिंह ने उससे बात करने की एक और कोशिश की। "बेटा मुझसे बात करो।  तुम मुझे अपना दोस्त समझो...." यह बात सुनते ही शुभ कुर्सी से उतर कर अपनी मम्मी के पास आ गया। जानकी उसे अपनी गोद में बैठा कर शांत करने लगी। अवतार सिंह ने जानकी की तरफ प्रश्न भरी निगाह से देखा। "सर वह शैतान भी कहता था कि वह इसका दोस्त है।" अवतार सिंह समझ गए कि उस मासूम का विश्वास बुरी तरह कुचल चुका है। उन्हें पहले घायल विश्वास को ठीक करना पड़ेगा।  उन्होंने अपने सहायक को बुला कर शुभ को बाहर ले जाने को कहा। "जानकी जी शुभ के मन में गहरी चोट लगी है। हमें बहुत ही धैर्य व प्रेम से काम लेना पड़ेगा। पहले तो मुझे उसका विश्वास जीतना पड़ेगा। यह एक कठिन

वो चार दिन

                                           सभी ब्रेकफास्ट के लिए जमा थे। मेज़ पर ढेर सारी चीज़ें देख कर मानव समझ नहीं पा रहा था कि क्या खाए। कुछ देर तो वह यूं ही सभी डिशेज़ को देखता रहा। अंत में उसने थोड़ा सा उपमा अपनी प्लेट में परोस लिया। चारों तरफ चहल पहल थी। कुछ जाने तो कुछ अनजाने चेहरे थे। मानव की आँखें उस चेहरे को खोज रही थीं जिसे उसने कल बस से उतरते हुए देखा था। कंपनी ने अपने करीब पच्चीस चुनिंदा कर्मचारियों को छुट्टी मनाने का यह मौका ईनाम के तौर पर दिया था। चारों ज़ोन से लोग चुने गए थे। उन्हें इस महंगे रिज़ार्ट में ठहराया गया था। अब तक तो मानव को सारी व्यवस्था अच्छी लगी थी। वैसे कल शाम ही सब लोग इस रिज़ार्ट में आए। एयरपोर्ट से सबको एक लग्ज़री बस में बिठा कर यहाँ लाया गया था। बस में बैठे हुए तो वह अपने खयालों में ही उलझा रहा। लेकिन जब वह बस से उतरा तो उसके बाद एक लड़की भी उतरी। उतरते समय उसका दुपट्टा उसके ट्रॉली बैग में फंस गया। किनारे खड़े होकर वह उसे ही निकालने लगी। तभी मानव का ध्यान उसकी तरफ गया। सुंदर सलोना गोल सा चेहरा था उसका। हल्का सा मेकअप किया था। बाकी प